April 19, 2025

3 राज्य जीतकर अब देश की आधी से ज़्यादा आबादी पर राज करेगी BJP, कांग्रेस राज सिर्फ़ 8.5% हिन्दुस्तानियों पर

0
assembly-election-results-2023-bjp

Updated: 4 दिसम्बर, 2023

नई दिल्ली: विधानसभा चुनाव परिणाम 2023 (Assembly Election Results 2023) घोषित हुए, और भारतीय जनता पार्टी (BJP) न सिर्फ़ दो नए राज्यों में सरकार बनाने का अधिकार पा गई, बल्कि अब वह देश की 41 प्रतिशत से ज़्यादा आबादी पर खुद अपने बूते राज करने जा रही है. अगर गठबंधन सहयोगियों के लिहाज़ से शासन चलाने का पहलू देखें, तो BJP का शासन अब देश की आधी से ज़्यादा आबादी पर हो गया है. इसके विपरीत, देश की सबसे पुरानी और ‘प्रमुख’ कहलाने वाली विपक्षी पार्टी कांग्रेस का शासन खुद के बूते देश की सिर्फ़ 8.51 प्रतिशत जनसंख्या पर रह गया है, हालांकि गठबंधन सहयोगियों के बूते कांग्रेस अब भी 19.84 प्रतिशत हिन्दुस्तानियों पर राज कर रही है.

ध्यान दीजिएगा, देश की जनसंख्या का आधिकारिक आंकड़ा सिर्फ़ जनगणना के ज़रिये हासिल हो सकता है, इसलिए जो आंकड़े आप यहां पढ़ रहे हैं, वे 12 साल पुराने हैं, लेकिन हर राज्य का जनसंख्या प्रतिशत भी देश की 12 साल पुरानी आबादी के लिहाज़ से ही बताया जा रहा है, सो, सही रहेगा.

अगर हम पहले यह देखें कि BJP का राज देश की आधी से ज़्यादा आबादी पर कैसे है, तो सबसे पहले देखते हैं कि वह अपने बूते कहां-कहां शासन कर रही है. रविवार को आए चुनाव परिणामों के बाद अब देश के 12 राज्यों में BJP की अपनी सरकार होगी – उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, उत्तराखंड, त्रिपुरा, मणिपुर, गोवा तथा अरुणाचल प्रदेश. अगर 2011 की जनगणना के लिहाज़ से देखें, तो उत्तर प्रदेश में उस वक्त हिन्दुस्तान की 16.51 प्रतिशत आबादी बसती थी, तो आज भी देश की बढ़ी हुई आबादी का इतना ही प्रतिशत उत्तर प्रदेश में बसता होगा.

41.51% जनसंख्या पर BJP का राज
इस लिहाज़ से UP में देश की 16.51 प्रतिशत, MP में छह प्रतिशत, राजस्थान में 5.66 प्रतिशत, गुजरात में 4.99 प्रतिशत, असम में 2.58 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 2.11 प्रतिशत, हरियाणा में 2.09 प्रतिशत, उत्तराखंड में 0.83 प्रतिशत, त्रिपुरा में 0.3 प्रतिशत, मणिपुर में 0.21 प्रतिशत, गोवा में 0.12 प्रतिशत तथा अरुणाचल प्रदेश में 0.11 प्रतिशत रहती है, और इस तरह BJP देश की कुल 41.51 प्रतिशत आबादी पर अपने खुद के बूते शासन कर रही है.

इन 12 राज्यों के अलावा, भारतीय जनता पार्टी, यानी BJP महाराष्ट्र (9.28 प्रतिशत), मेघालय (0.25 प्रतिशत), नागालैण्ड (0.16 प्रतिशत) तथा सिक्किम (0.05 प्रतिशत) में रहने वाली कुल 9.74 प्रतिशत आबादी पर गठबंधन के ज़रिये भी राज कर रही है, सो, BJP का राज कुल मिलाकर देश की आधी से ज़्यादा, यानी 51.25 प्रतिशत आबादी पर हो गया है.

कांग्रेस राज सिमटा 8.51% आबादी पर
दूसरी ओर, देश की सबसे पुरानी राजनैतिक पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, यानी कांग्रेस की अब सिर्फ़ तीन राज्यों में अपने बूते सरकार रह जाएगी. इन तीन राज्यों में देश की कुल 8.51 प्रतिशत आबादी बसती है. ये राज्य हैं – कर्नाटक (5.05 प्रतिशत), तेलंगाना (2.89 प्रतिशत) तथा हिमाचल प्रदेश (0.57 प्रतिशत). इसके अलावा, कांग्रेस गठबंधन सहयोगी के रूप में भी दो राज्य सरकारों में शामिल है, जो हैं – बिहार और झारखंड. इन दोनों राज्यों में क्रमशः 8.6 प्रतिशत तथा 2.73 प्रतिशत आबादी बसती है, सो, इसे मिलाकर कांग्रेस का शासन देश की 19.84 प्रतिशत आबादी पर रह गया है.

28.91% भारतीयों पर अन्य दलों का राज

देश के अन्य राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों पर राष्ट्रपति अथवा अन्य दलों का शासन है, जहां देश की कुल आबादी का 28.91 प्रतिशत हिस्सा बसता है. अगर विशेष रूप से राष्ट्रीय दल का दर्जा पाई पार्टियों की बात करें, तो कांग्रेस और BJP के अलावा देश में चार और राष्ट्रीय दल हैं – आम आदमी पार्टी (AAP), बहुजन समाज पार्टी (BSP), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) तथा नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP). इन चार दलों में से AAP का राज दिल्ली (1.39 प्रतिशत) तथा पंजाब (2.29 प्रतिशत) में देश की 3.68 प्रतिशत आबादी पर है. CPM की सरकार सिर्फ़ केरल (2.76 प्रतिशत) में है, और NPP का राज सिर्फ़ मेघालय (0.25 प्रतिशत) में. छठे राष्ट्रीय दल BSP का राज फिलहाल पूरे देश में किसी भी राज्य में नहीं है.

About The Author

Share on Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *