सरकार बनने पर लागू होगा पेसा एक्ट, ग्राम पंचायतों को MP में दिए जायेंगे अधिकार: केजरीवाल
रीवा, 18 सितंबर 2023
रीवा के एसएएफ ग्राउंड पर आम आदमी पार्टी की महारैली हुई। महारैली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान शामिल हुए। महारैली में अरविंद केजरीवाल ने मध्य प्रदेश के किसानों, आदिवासियों और शहीदों के परिवारों के लिए गारंटियों का एलान किया।
एसएएफ ग्राउंड पर जैसे ही अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान पहुंचे जनता ने जोरदार नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। वहीं दोनों मुख्यमंत्रियों ने जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। महारैली में लोगों का उत्साह ऐसा था कि नारेबाजी के कारण पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने कहा कि 20 साल की भड़ास निकल रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने महारैली को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आप की पंजाब सरकार के हाल ही में 18 महीने हुए है, जबकि मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार 18 साल से है। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों की काम की तुलना कर लीजिए तो पंजाब सरकार आगे होगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के गठबंधन का नाम इंडिया रखा गया तो अब केंद्र सरकार देश का नाम बदलने की कोशिश कर रही है लेकिन मोदी जी किन किन चीजों का नाम बदलेंगे। इंडियन आर्मी को क्या कहेंगे, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को क्या कहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता कह रही है कि इतने नाम बदलने से अच्छा है कि नाम बदलने वाली सरकार ही बदल दो।
आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रदेश के किसानों, आदिवासियों और शहीदों के परिवारों के लिए गारंटियों का एलान किया। उन्होंने कहा कि एमपी में आप की सरकार बनेगी तो पेसा एक्ट लागू किया जाएगा। ग्राम सभाओं को अधिकार दिए जायेंगे। वहीं उन्होंने कहा कि किसानों की फसल खराब होने पर उन्हें ज्यादा से ज्यादा मुआवजा दिया जाएगा। किसानों को फसल के पूरे दाम दिलाए जायेंगे। मध्य प्रदेश के किसानों को खुशहाल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।वहीं सैनिक और पुलिस जवानों के शहीद होने पर आम आदमी पार्टी की सरकार परिवार वालों को 1 करोड़ की राशि देगी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 75 सालों में भाजपा और कांग्रेस ने स्कूलों और अस्पतालों के लिए कुछ नहीं किया। आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो आपके बच्चों के लिए अच्छे स्कूल हमारी सरकार बनाएगी। आपके इलाज के लिए अच्छे अस्पताल बनाएंगे और आपको मुफ्त इलाज देंगे।