टैगोर अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव ‘विश्वरंग’ के चौथे संस्करण का भव्य शुभारंभ 14 नवंबर से

प्रदेश, मध्य प्रदेश, मनोरंजन, मुख्य समाचार

भोपाल: 08.11.2022

  • विश्वरंग के अंतर्गत 14 से 16 नवंबर तक कला महोत्सव और 17 से 20 नवंबर तक साहित्य महोत्सव का होगा रंगारंग आयोजन
  • पचास देश कर रहे हैं विश्वरंग की मेजबानी
  • बॉलीवुड सिंगर पपॉन, शिल्पा राव, शास्त्रीय गायिका कौशिकी चक्रवर्ती, लोक गायिका मैथिली ठाकुर की होंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
  • फिल्म निर्देशक विशाल भारद्वाज, प्रसिद्ध वैज्ञानिक कस्तूरीरंगन, भारत पे फाउंडर और शार्क टैंक इंडिया फेम अश्नीर ग्रोवर और अभिनेता बिस्वपति सरकार वैचारिक सत्रों में होंगे शामिल
  • गेट सेट पेरेंट विद् पल्लवी द्वारा आयोजित बाल साहित्य, कला एवं संगीत महोत्सव में होंगी कला कार्यशालाएँ और लेखक से मिलिए सत्र
  • जनजातीय और लोक संस्कृति पर कला प्रदर्शनी, फिल्म प्रदर्शन और वैचारिक सत्र

साहित्य, संस्कृति और कलाओं के विविध रंगों के बीच संपूर्ण विश्व को शांति और सद्भावना का संदेश देता ‘विश्वरंग’ अपने आयोजन के चौथे संस्करण की ओर बढ़ रहा है। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के मुख्य संयोजन में यह महोत्सव 14 से 20 नवंबर को भारत की सांस्कृतिक राजधानी भोपाल में अपनी रचनात्मक भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित होगा। यह जानकारी दी वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी, विश्वरंग के निदेशक और रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री संतोष चौबे ने। वे सोमवार को होटल पलाश में विश्वरंग को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में बात कर रहे थे। इस पत्रकार वार्ता में वनमाली सृजन पीठ के अध्यक्ष श्री मुकेश वर्मा, आरएनटीयू के समकुलाधिपति और विश्वरंग के सह-निदेशक डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, आईसेक्ट विश्वविद्यालय समूह की निदेशक और विश्वरंग की सह—निदेशक डॉ. अदिती चतुर्वेदी, गेट सेट पेरेंट चिल्ड्रंस लिटरेचर, आर्ट एंड म्यूजिक फेस्टिवल की निदेशक डॉ. पल्लवी राव चतुर्वेदी, आरएनटीयू के कुलसचिव डॉ. विजय सिंह और टैगोर विश्वकला केंद्र के निदेशक श्री विनय उपाध्याय शामिल रहे।

इस दौरान विश्वरंग और गेट सेट पेरेंट के बाल साहित्य एवं कला महोत्सव के
का लोकार्पण भी किया गया। उल्लेखनीय है कि किसी भी निजी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित किया जाने वाला विश्व का यह अनूठा साहित्य कला महोत्सव है।

प्रेस को संबोधित करते हुए श्री संतोष चौबे ने आगे कहा कि विश्वरंग का आगाज ‘आरंभ’  समारोह के साथ 11 नवंबर 2022 को साहित्य अकादमी हॉल, नईदिल्ली से होगा। विश्व रंग ‘आरंभ’ समारोह में विश्व रंग की अवधारणा के साथ विश्व कविता प्रस्तुति और भारतीय कविता गोष्ठी आयोजित होगी। इस अवसर पर विश्व रंग फोल्डर, विश्व रंग फिल्म प्रदर्शन, पुस्तक यात्रा फिल्म प्रदर्शन, विश्व रंग पेंटिंग मोनोग्राफ का लोकार्पण भी होगा।

14 नवंबर से 16 नवंबर तक रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय एवं रवीन्द्र भवन, भोपाल में विश्व रंग ‘कला महोत्सव’ का भव्य आयोजन होगा। सुप्रसिद्ध गायिका कौशिकी चक्रवर्ती के शास्त्रीय गायन से कला महोत्सव का शुभारंभ होगा। श्रीराम भारतीय कला केन्द्र द्वारा रामायण की प्रस्तुति रवींद्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर होगी। सुप्रसिद्ध नाट्य निर्देशिका पूर्वा नरेश द्वारा निर्देशित नाटक ‘बंदिश’ का मंचन होगा। कला महोत्सव में शुभब्रत सेन, पश्चिम बंगाल का रबीन्द्र संगीत, सुर पराग जबलपुर द्वारा रबीन्द्र संगीत की प्रस्तुतियां होगी। पूर्व रंग में गीता पराग की कबीर पर संगीतमय प्रस्तुति और धन्नूलाल सिन्हा, नया थियेटर के रंग संगीत की प्रस्तुति होगी। इस अवसर पर संगीत का धर्म (संवाद), कला समीक्षा की चुनौतियाँ, संगतकारों की अलक्षित भूमिका पर विमर्श आयोजित होंगे।

टैगोर अंतर्राष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव के मुख्य आयोजन 17 नवंबर से 20 नवंबर तक कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर, (मिंटो हॉल), भोपाल में होंगे। इस बार भी यह महोत्सव ख़ासकर बच्चों और युवाओं के लिए भी अनूठी सौगातें संजो रहा है। विश्वरंग के मुख्य समारोह का शुभारंभ 17 नवंबर की शाम माननीय श्री मंगूभाई पटेल, राज्यपाल मध्यप्रदेश, माननीय श्री सुभाष सरकार, राज्य मंत्री (शिक्षा) भारत सरकार और सुश्री उषा ठाकुर, माननीय मंत्री, संस्कृति और पर्यटन विभाग करेंगे। इस दौरान कलाकारों द्वारा रबीन्द्र भवन से मिंटो हॉल तक विश्व शांति एवं सद्भाव यात्रा, नेशनल पेंटिंग एग्जीबिशन का उद्घाटन और मोनोग्राफ विमोचन आदि महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन होगा। उल्लेखनीय है कि इस बार भारत सहित विश्व के 50 देशों की मेजबानी में ‘विश्वरंग’ को आयोजित किया जा रहा है।

प्रेस वार्ता में मौजूद विश्वरंग के सह-निदेशक डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने समारोह के महत्वपूर्ण सत्रों और नए विषयों की जानकारियां देते हुए बताया कि 17 से 20 नवंबर तक मुख्य विश्वरंग समारोह के अंतर्गत साहित्य, कला, संस्कृति और संगीत के विभिन्न सत्रों का आयोजन होगा जिसमें लेखक से मिलिए, विश्व कविता सत्र, भारतीय ज्ञान परंपरा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर सत्र, सिनेमा, कहानियों, किस्सागोई, पॉडकास्टिंग, इतिहास लेखन, लोक आस्था एवं पर्यावरण, वेब सीरीज पर नायक बनी कहानियां, चित्रकला, व्यापार इत्यादि पर भी सत्र होंगे। अंतरराष्ट्रीय मुशायरा, ध्रुपद गान, प्रवासी साहित्यकारों का रचना पाठ एवं सांगीतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण बनेंगी। इसमें प्रमुख हस्तियों में फिल्म निर्देशक विशाल भारद्वाज, भारत पे फाउंडर अशनीर ग्रोवर, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के ड्राफ्टिंग समिति के अध्यक्ष और प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. कस्तूरीरंगन, फिल्म अभिनेता मनोज पहवा, वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेश पंत, लेखिका रश्मि बंसल जैसे कई प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं।

18 से 20 नवंबर तक होगा गेट सेट पेरेंट का चिल्ड्रंस फेस्ट

गेट सेट पेरेंट की निदेशक और पेरेंटिंग एक्सपर्ट डॉ. पल्लवी राव चतुर्वेदी ने विश्वरंग के सह आयोजन में गेट सेट पेरेंट विथ पल्लवी द्वारा 18 से 20 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे चिल्ड्रंस फेस्ट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समारोह में बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने और ज्ञानवर्धन के लिए स्टोरी टेलिंग, थिएटर वर्कशॉप, डूडल वर्कशॉप, पपेट शो, मांडला आर्ट पीस मेकिंग वर्कशॉप, म्यूजिकल स्टोरीटेलिंग सेशन, ऑरिगेमी वर्कशॉप, वेंट्रीलोकिज्म शो, क्लाउनिंग जैसी कई वर्कशॉप आयोजित होंगी। वहीं, कई बाल सहित्य से जुड़ी कई हस्तियों के साथ चर्चा सत्र भी आयोजित होंगे जिनमें प्रमुख रूप से अमर चित्र कथा की चेयरमैन और सीईओ प्रीति व्यास, लेखक नंदिनी नायर, कराडी टेल्स की पब्लिशिंग डायरेक्टर शोभा विश्वनाथन आदि शामिल हैं।

सुर ताल से गूंजेगा मुक्ताकाश

विश्वरंग की सह-निदेशक डॉ. अदिती चतुर्वेदी वत्स ने विश्वरंग-2022’ के सांस्कृतिक आयामों की चर्चा करते हुए कहा कि समारोह की सभी शामें गीत, संगीत, नृत्य, नाटक, और शायरी के रंगों से महकेंगी। देश के प्रतिष्ठित कलाकार इन महफ़िलों को गुलज़ार करेंगे। 17 नवंबर की शाम मिंटो हॉल के मुक्ताकाश मंच पर बॉलीवुड सिंगर पपॉन बैंड द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। 18 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय मुशायरे का आयोजन होगा जिसमें शायर शीनकाफ निजाम, आलोक श्रीवास्तव, अजहर इकबाल, चंद्रभान ख्याल, नौमान शौक बल्ली सिंह चीमा जैसे कई देश के नामी शायर अपने कलाम पढ़ेंगे। 19 नवंबर को मैथिली ठाकुर का गायन होगा। वहीं समापन के दिन बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव का गायन होगा। इसके अलावा प्रत्येक दिन क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा शहनाई वादन, भगोरिया एवं बैगा जनजातीय नृत्य, सुर पराग जबलपुर द्वारा रवीन्द्र संगीत, वृंदगान और संजय महाजन द्वारा गणगौर प्रस्तुति जैसी कई रंगारंग गतिविधियां भी होंगी। ‘विश्वरंग’ के संयोजन में देश प्रदेश की पचास से भी अधिक साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्थाएं शामिल हो रही हैं।

आदिवासी साहित्य एवं कला महोत्सव

जनजातीय विषयों के महत्व को देखते हुए एक अनूठी पहल के रूप में आदिवासी साहित्य एवं कला महोत्सव का आयोजन 18 से 20 नवंबर तक किया जा रहा है। इसमें प्रत्येक दिन आदिवासी विषयों पर वैचारिक सत्र, कला प्रदर्शनी, फिल्म प्रदर्शन का आयोजन होगा।

कार्यक्रम का संचालन और आभार वक्तव्य टैगोर विश्वकला केंद्र के निदेशक श्री विनय उपाध्याय द्वारा दिया गया।

 

 

Leave a Reply